शामली। शहर के गगन विहार में क्लीनिक पर पहुंचकर महिला डाक्टर को धमकी देने के मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है। वहीं, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन शामली चैप्टर के पदाधिकारियों ने अपर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर बदमाशों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
गौरतलब है कि गगन विहार में डाक्टर रुचि गोयल और गौरव गोयल क्लीनिक चलाते हैं। बुधवार शाम नकाबपोश दो बदमाशों ने उनके क्लीनिक पर पहुंचकर विशाल निवासी खंदरावली के नाम से फर्जी पर्चा बनवाया। डाक्टर से चेकअप कराने के नाम पर वह केबिन में घुसे और इसी दौरान डाक्टर रुचि गोयल पर तमंचा तानते हुए मोबाइल फोन पर किसी से बात करने का दबाव बनाया था।
बदमाशों ने कहा था कि मोबाइल फोन पर भाई है, उससे बात कर लो, नहीं तो अंजाम बुरा होगा। हालांकि शोर मचाने पर बदमाश क्लीनिक से भाग निकले थे। सीसीटीवी में भी बदमाश कैद हो गए थे, लेकिन उनके चेहरे स्पष्ट नहीं हो सके। बृहस्पतिवार सुबह डाक्टर गौरव गोयल की तहरीर पर शामली कोतवाली पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
उधर, बृहस्पतिवार दोपहर आईएमए अध्यक्ष एमए खान सहित अन्य डॉक्टरों ने अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार झा से मुलाकात की। उन्होंने ऐसी घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने आैर सुरक्षा दिलाने की मांग की।