शामली कलक्ट्रेट में बैठक लेते मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने कहा कि कैराना लोकसभा सीट का उपचुनाव शांतिपूर्वक भयमुक्त और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर ईवीएम और वीवीपैट (वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल) का इस्तेमाल होगा। अधिकारियों को निर्देश दिया कि आदर्श आचार संहिता का पालन गंभीरता से कराया जाए, उसमें किसी प्रकार की ढील नहीं होनी चाहिए।
शुक्रवार को शामली कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने कहा कि निष्पक्ष निर्वाचन कराने के लिए अधिकारियों को पूरी तरह निष्पक्ष होना जरूरी है। इसके लिए आदर्श आचार संहिता का गंभीरता से पालन कराया जाए। अधिकारी स्पष्ट रूप से समझ लें कि किसी भी राजनीतिक दल अथवा नेता के प्रभाव में आने की जरूरत नहीं है। क्योंकि स्वच्छ लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र प्रक्रिया के तहत निर्वाचन होना आवश्यक है। मतदाता पुनरीक्षण का कार्य एक मई से शुरू हो जाएगा। यदि किसी व्यक्ति को अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है, तो वह संबंधित बीएलओ से संपर्क कर फार्म भरवा सकता है। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों का निरीक्षण करा लें। यदि भवन जर्जर अथवा क्षतिग्रस्त है, तो उसे ठीक कराएं। साथ ही यदि किसी मतदान केंद्र को बदलने की आवश्यकता है, तो उसे भी समय रहते कर लें। जिन मतदान केंद्रों पर विद्युत व्यवस्था नहीं है वहां तत्काल विद्युत की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
वहीं, पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्वाचन के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाने तथा शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम रखे जाएं। केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर प्राथमिकता से की जाए। साथ ही मुचलका पाबंद की कार्रवाई में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए। वहीं, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतनेश सिंह ने केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देशों के बारे में अवगत कराया। ईवीएम और वीवीपैट के प्रयोग के बारे में समस्त अधिकारी प्रशिक्षण प्राप्त कर लें, ताकि मतदान और मतगणना के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न होने पाए। सहारनपुर मंडलायुक्त चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है, लिहाजा अब कोई शिलान्यास, लोकार्पण नहीं होगा। अधिकारियों को निर्वाचन कार्य को ही प्राथमिकता देनी है।
डीआईजी रेंज सहारनपुर शरद सचान ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जनसभाएं भी होंगी, जिसकी वीडियोग्राफी कराई जाएगी। यदि कोई व्यक्ति आपत्तिजनक भाषण देता है, तो कार्रवाई होगी। नकदी (कैश) के आवागमन की रोकथाम के लिए फ्लाइंग स्क्वाड सक्रिय रहेंगे। स्थानीय स्तर पर अधिकारी मतदान केंद्रों के रूट चार्ट बना लें और मतदान केंद्रों के आसपास रहने वालों के नाम और मोबाइल नंबर नोट कर लें। साथ ही केंद्रीय सुरक्षा बल के ठहरने की व्यवस्था समय से कर लें। मौके पर डीएम इंद्र विक्रम सिंह, डीएम मुजफ्फरनगर राजीव शर्मा, एसएसपी मुजफ्फरनगर अनंतदेव तिवारी, एसपी शामली देवरंजन वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी रेनू तिवारी, सहायक पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, अपर जिलाधिकारी केबी सिंह सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
मर्यादा का पालन करें, मिलेगा निष्पक्ष सहयोग : वेंकटेश्वर
शामली। मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल वेंकटेश्वर लू ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें। यदि कोई समस्या है तो अफसरों को अवगत कराएं, समस्या का समाधान जरूर होगा। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का पालन करने में राजनीतिक दलों को भी मर्यादा दिखानी चाहिए।
शुक्रवार की दोपहर कलक्ट्रेट सभाकक्ष में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ के साथ अपना बूथ लेवल एजेंट तैनात करा दें। जिससे समन्वय से मतदाता सूची का सही पुनरीक्षण हो सके। उन्होंने कहा कि जो मतदाता सूची रिटर्निंग आफिसर के पास होगी, उसी की प्रति राजनीतिक दलों को भी दी जाएगी, मतदाता सूची में किसी तरह का बदलाव नहीं होगा। आदर्श आचार संहिता का पालन कराने में राजनीतिक दल भी सहयोग करें। नियमों का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर व्यक्ति को मर्यादा में रहकर अपनी बात कहने का अधिकार है, लिहाजा निर्वाचन कार्य के संबंध में यदि किसी को कोई समस्या है तो शालीनता से अवगत कराएं।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामजीलाल कश्यप ने कहा कि जिले में कुछ ऐसे मतदान केंद्र हैं, जो जाति विशेष के लोगों के प्रभाव वाले क्षेत्र में है, उन मतदान केंद्रों को बदलवाया जाए तथा मतदान करने को बुर्का पहनकर आने वाली महिलाओं की ठीक से पहचान कराई जानी चाहिए। इस पर उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी रतनेश सिंह ने कहा कि मतदान करने पहुंची पर्दानशी महिलाओं के पहचान पत्र और मतदाता सूची के मुताबिक जांच करने के लिए महिला कर्मी प्रत्येक मतदान केंद्र पर तैनात रहेंगी। वहीं, रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह चेयरमैन ने कहा कि विधानसभा, लोकसभा, नगर निकाय और पंचायत चुनाव में मतदाता सूची बदल जाती है, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति रहती है, उसे ठीक कराया जाए। इस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस बारे में केंद्रीय चुनाव आयोग भी विचार कर रहा है कि एक ही मतदाता सूची से निर्वाचन हो, लेकिन अभी इस पर निर्णय नहीं हुआ है।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार, रालोद नेता अशरफ अली, वाजिद प्रमुख, अनवार चौधरी, सपा जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी, माकपा के जिला सचिव भारत भूषण, बसपा जिलाध्यक्ष सुशील नहारिया, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, भाजपा नेता पुनीत द्विवेदी, बसपा नेता वेदप्रकाश जाटव, राजेंद्र उपाध्याय, जेके जैन आदि मौजूद रहे।