बिना डॉक्टर की सलाह के घर पर आक्सीजन न लगाएं मरीज
शामली। होम आइसालेशन में रह रहे कोरोना संक्रमितों के लिए ऑक्सीजन लेना मुसीबत भरा हो सकता है। बिना चिकित्सक की सलाह एवं देखरेख के कम या ज्यादा मात्रा में आक्सीजन लेने से नुकसान हो सकता है। सीएमओ डा. संजय अग्रवाल ने सलाह दी है कि मरीज का ऑक्सीजन स्तर गिर रहा है तो अस्पताल में भर्ती हों और चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही आक्सीजन लें।
सोमवार को सीएमओ डा. संजय अग्रवाल ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत जनपद में कुल 1514 केस एक्टिव हैं, जिसमें 1427 होम आइसोलेशन में तथा 75 मरीज एल-2 जिला संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती हैं। उन्होंने बताया कि जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती 75 मरीजों में से 71 मरीज ऑक्सीजन पर हैं।
सीएमओ ने बताया कि जिले में दवाइयों एवं आक्सीजन आदि की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने सलाह दी है कि होम आइसोलेट रोगी घर पर ऑक्सीजन सिलिंडर का प्रयोग न करें, क्योंकि ज्यादा या कम मात्रा में ऑक्सीजन लेने से जीवन को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने बताया कि कांटेक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। जिला मुख्यालय पर स्थापित एकीकृत कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर 01398-270203 प्रतिदिन दिन में दो बार मरीजों के परिजनों को उनकी सेहत के बारे में भी जानकारी दी जाती है।