शामली। अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर शनिवार को प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी उनके गांव बंतीखेड़ा पहुंचे। जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने अंकित के पिता सतबीर फौजी और अन्य परिजनों से मुलाकात की। अधिकारियों ने परिवार का दुख साझा करते हुए उन्हें हरसंभव मदद और जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
डीएम और एसपी ने कहा कि घटना को लेकर पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही हैं। संदिग्धों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं और पुलिस हत्यारों के काफी करीब पहुंच चुकी है।
अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि हत्याकांड के खुलासे में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जांच की लगातार समीक्षा की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने डीएम-एसपी के सामने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि पुलिस पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है और जल्द ही मामले में ठोस नतीजा सामने आएगा।