फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीएम के आदेश नहीं आए काम, शहर में हर तरफ जाम ही जाम

विज्ञापन
file - फोटो : amarujala
विज्ञापन
गन्ना लदे वाहनों से शहर में लग रहे जाम की समस्या से निपटने को लेकर सोमवार को प्रशासन द्वारा बुलाई गई बैठक का भी कोई असर नहीं हुआ। मंगलवार को भी शहर दिन भर जाम से जूझा। गन्ना लदे वाहन मुख्य मार्गों के अलावा गलियों और बाजारों तक में घुस गए। इससे शहरवासी बुरी तरह हलाकान रहे। सोमवार आधी रात के बाद ही शहर में गन्ने से लदे वाहनों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। मंगलवार सुबह तक रेलवे रोड पूरी तरह जाम हो गया। सुबह करीब नौ बजे एमएसके रोड पर धीमानुपरा फाटक से वीवी इंटर कालेज तक गन्ने के वाहन खड़े थे। दोपहर 12 बजे तक वाहनों की संख्या और बढ़ गई। उधर, दोपहर में स्कूलों की छुट्टी होने के बाद जाम की समस्या विकट हो गई। वर्मा मार्केट के सामने वीवी इंटर कॉलेज रोड आधे घंटे तक जाम रही। सड़क के एक तरफ गन्ने के वाहन खड़े थे तो दूसरी तरफ दोनों साइड से वाहनों का आना जाना होने से जाम लग गया और लोग परेशान रहे।
विज्ञापन


इन गलियों, बाजारों का रहा बुरा हाल
भैंसवाल रोड की ओर से आने वाले वाहनों से माजरा रोड पर भिक्की मोड़ पर जाम की स्थिति बनी रही तो बुग्गी वालों ने माजरा रोड से आर्य समाज के सामने जा रही गली से बुग्गियां निकाली। इसी तरह एमएसके रोड पर जाम होने से लोग बैंड मार्केट से नाला पटरी, सब्जी मंडी, नया बाजार, कबाड़ी बाजार की ओर से दुपहिया ओर ई-रिक्शा निकालने लगे तो इन बाजारों में भी जाम के हालात बने रहे।

श्रद्धालुओं को भी झेलनी पड़ी फजीहत
मंगलवार को हनुमान धाम पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहती है। सुबह मंदिर के बाहर बुढ़ाना रोड, कोतवाली रोड पूरी तरह गन्ना लदे वाहनों से भर गई। दुपहिया वाहनों से मंदिर आ रहे श्रद्धालुओं को भी जाम होने की वजह से खासी परेशानी उठानी पड़ी। कुछ लोग तो मंदिर ही नहीं आए। शाम को भी यहीं हालत रही। हनुमान धाम के सामने, बुढ़ाना रोड, कोतवाली तीनों मार्गों पर गन्ने के वाहन इस तरह फंसे थे कि यहां से पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा था। श्रद्धालु सबसे ज्यादा परेशान रहे।
विज्ञापन


प्रशासन की बैठक का भी नहीं दिखा असर
तीन दिन से शहर में चीनी मिल में आ रहे गन्ने से लदे वाहनों से जाम की समस्या बनी है। पूरा शहर जाम से जूझ रहा है। व्यापारियों का कारोबार ठप हो रहा है। इसी समस्या के समाधान के लिए सोमवार को जिलाधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने शामली शुगर मिल के अलावा गन्ना विभाग के अधिकारियों के अलावा कुछ व्यापारियों को भी बुलाया था। पुलिस अफसर भी इसमें आए थे। व्यापारियों ने जाम की वजह से बाजारों में कारोबार ठप होने का मुद्दा उठाया था। डीएम ने मिल अफसरों को इस व्यवस्था में सुधार की सख्त हिदायत दी थी, लेकिन मंगलवार को भी इस हिदायत का कोई असर नजर नहीं आया बल्कि शहर में जाम की हालत और ज्यादा खराब रही।

शुगर मिल ने बुधवार के लिए कोई इंडेंट जारी नहीं किया है। 23 मार्च के लिए केवल 15 हजार कुंतल गन्ने का इंडेंट जारी किया गया है। इसलिए बुधवार से जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। मिल का बेसिक कोटे का करीब तीन से चार लाख क्विंटल गन्ना अभी बाकी है। - अनिल भारती , जिला गन्ना अधिकारी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें