जलालाबाद। डीएम आलोक यादव ने विकास खंड थानाभवन क्षेत्र की विभिन्न गोशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्थायी गो आश्रय स्थल नौजल नोजली, वृहद गोशाला नौगांव पट्टी और अस्थायी गोशाला जलालाबाद देहात में पशुओं की देखभाल, स्वच्छता और उपलब्ध सुविधाओं का गहन मूल्यांकन किया। इस दाैरान गोवंश के स्वास्थ्य, चारे की गुणवत्ता और पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। नौजल नोजली स्थित अस्थायी गो आश्रय स्थल पर पशुधन प्रसार अधिकारी के अनुपस्थित मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को संबंधित से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। एसडीएम शामली निधि भारद्वाज, तहसीलदार मनोज कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सीबी कश्यप मौजूद रहे।