-17 जून से नामांकन पत्रों होंगे दाखिल, डीएम की ओर जिला स्तर पर हुई अधिसूचना जारी
- प्रभारी मंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष और डीएम समेत होते हैं कुल 15 सदस्य
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जिला योजना समिति के नगर निकायों के तीन सदस्यों के चुनाव के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी गई है। मंगलवार को जिला स्तर पर डीएम की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। तीन सदस्यों के चुनाव के लिए 25 जून को सुबह आठ बजे से तीन बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना करके चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त मनोज कुमार ने पांच जून को जिला योजना समिति नगर निकायों के सदस्यों के चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी कर दी। जिला योजना समिति में नगर निकाय के तीन सदस्य के चुनाव के लिए 17 जून को डीएम कोर्ट में सुबह 11 बजे से 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल होंगे। इसी दिन शाम चार बजे से लेकर कार्य समाप्ति तक जांच होगी। 21 जून को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्रों की वापसी होगी। 25 जून को सुबह आठ बजे से तीन बजे तक मतदान होगा। तीन बजे के बाद कार्य समाप्ति तक मतगणना कर नतीजे घोषित किए जाएंगे। जिला योजना समिति के नगर निकायों के सदस्य के लिए अनुसूचित जाति के लिए एक, पिछड़ा वर्ग एक, अनारक्षित महिला के लिए एक पद आरक्षित किए गए हैं।