शामली। दो दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को खुले जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। अन्य दिनों के मुकाबले करीब 500 मरीज ज्यादा आए। भीड़ के कारण मरीजों को डेढ़ से दो घंटे तक इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा। पर्ची बनवाने, जांच कराने और दवा लेने में भी मरीजों को लाइन में लगना पड़ा। मरीजों की भीड़ को देखते हुए दवा वितरण के दो काउंटर और बढ़ाकर चार काउंटर खोले गए।
जिला अस्पताल में ओपीडी में 1100 से 1200 के आसपास मरीज रोजाना आते हैं। रविवार को साप्ताहिक अवकाश और सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी के कारण सिर्फ 11 बजे तक ही ओपीडी थी। मंगलवार को अस्पताल खुलने पर सुबह आठ बजे से ही मरीज पहुंचना शुरू हो गए। दस बजे ओपीडी में मरीजों की लंबी लाइनें लग गई थी। इसके बाद दोपहर दो बजे तक मरीजों की भीड़ रही।
काउंटर पर करीब 1200 मरीजों के नए पर्चे बने जबकि 500 के लगभग पुराने पर्चे पर मरीज इलाज करने पहुंचे। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया दो दिन की छुट्टी होने के कारण मरीज ज्यादा आए। सभी चिकित्सक ड्यूटी पर रहे।
बुखार, नजला, खांसी के मरीज सबसे ज्यादा
जिला अस्पताल में आए मरीजों में सबसे ज्यादा करीब 70 प्रतिशत मरीज बुखार, नजला व खांसी के रहे। हड्डी रोग के करीब 200 मरीज रहे। इसके अलावा त्वचा रोग संबंधी 115, शुगर व ब्लड प्रेशर के 200 मरीज, महिला संंबंधी रोगों के 150 और दंत रोग संबंधी 90 से ज्यादा मरीज आए। इसके अलावा सीटी स्कैन और एक्सरे कराने वाले मरीजों की भीड़ रही।
बोले मरीज
कैराना निवासी अकबर ने बताया उसे कई दिन से बुखार आ रहा है। वह जिला अस्पताल में दवा लेने आया। वह नौ बजे पहुंच गया था। पर्चा बनवाने, डाक्टर को दिखाने और दवा लेने में करीब दो घंटे का समय लगा।
शांतिनगर निवासी सविता ने कहा वह सुबह 10 बजे दवा लेने आई थी। उसे बुखार व सिर में दर्द रहता है। दो घंटे में डाॅक्टर को दिखाने व दवा लेने में लग गए।
गांव लिलौन खेड़ी की उर्मिला ने बताया उसे नजला व बुखार की समस्या है। वह साढ़े आठ बजे सुबह आई थी। डेढ़ घंटे लाइन में खड़े रहना पड़ा। तब जाकर उसे दवा मिली।