शामली। जिला उद्योग बंधु की बैठक में औद्योगिक क्षेत्र के लिए नया नाला बनाने, नया अग्नि शमन केंद्र स्थापित करने और शामली के विजय चौक से लेकर कंडेला बाईपास तक पानीपत-खटीमा हाईवे का चौड़ीकरण करने और बीच में डिवाइडर लगाए जाने की मांग उद्यमियों ने उठाई।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में साइमा के चेयरमैन अंकित गोयल ने विजय चौक से लेकर कंडेला बाईपास तक पानीपत-खटीमा हाईवे का चौड़ीकरण करने और डिवाइडर लगाने की मांग की। कहा कि पूर्वी यमुना नहर से लेकर औद्योगिक क्षेत्र में पुराना नाला बंद हो चुका है। जिससे पानी औद्योगिक इकाइयों में भर जाता है। समस्या समाधान के लिए पूर्वी यमुना नहर करमू खेड़ी से लेकर औद्योगिक केंद्र तक तीन किलोमीटर नए नाले के निर्माण कराया जाए।
आईआईए के चेयरमैन आशीष जैन ने कहा कि कंडेला औद्योगिक क्षेत्र में नया अग्नि शमन केंद्र प्रस्तावित है। एसडीएम कैराना और तहसीलदार की ओर से शेखपुरा में पशुचर की भूमि का प्रस्ताव दिया गया है। उद्यमियों ने तर्क दिया कि पशुचर की भूमि दूसरी जगह उपलब्ध कराकर अग्नि शमन केंद्र के लिए शेखपुरा की भूमि को चयनित किया जाए। बैठक में एडीएम ने उद्यमियों की आश्वस्त किया कि एसडीएम शामली और कैराना की अध्यक्षता में पर्यावरण सिंचाई और जल निगम सभी की एक कमेटी बनाते हुए में एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब की है।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता दीपेंद्र जायसवाल ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए एस्टीमेट शासन को भेजा गया गया है। शासन से धनराशि उपलब्ध होने के बाद निर्माण कराया जाएगा।
हिंडन नदी की स्वच्छ एवं अविरल प्रवाह के लिए परिचर्चा कर औद्योगिक प्रदूषण के बारे में बताया गया। एक जनपद एक उत्पाद, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में अभिनव बंसल, अमित जैन, निर्मल जैन, सहायक आयुक्त उद्योग इशिता मित्तल सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।