शामली। ईद-उल-अजहा के पर्व को शांति सौहार्द के साथ मनाए जाने को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जिले को तीन जोन और दस सेक्टर में बांटकर शांति व सुरक्षा की पुख्ता तैयारी की गई है। जिले में ईदगाह व मस्जिदों में लगभग 235 स्थानों पर ईद की नमाज अदा होगी। नमाज के दौरान जिले में पुलिस व पीएसी बल तैनात रहेगा।
जिले में बृहस्पतिवार को ईद-उल-अजहा का पर्व मनाया जाएगा। इस त्योहार पर शांति एवं सुरक्षा के लिए तहसील स्तर पर तीन जोन बनाए गए हैं। इसके अलावा जिले के सभी आठ थाने के अलावा ऊन और चौसाना को मिलाकर दस सेक्टर बनाकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एएसपी ओपी सिंह ने बताया जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस व पीएसी बल की ड्यूटी लगाई गई है।
जिले में लगभग 235 स्थानों पर ईदगाह व मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। जिले के पुलिस फोर्स के अलावा मुरादाबाद ट्रेनिंग सेंटर से आए 100 उप निरीक्षकाें की ड्यूटी लगाई गई है। ड्रोन कैमरों से संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा पुलिस फोर्स के साथ वालंटियर्स और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रहरी भी मौजूद रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि त्योहार पर अगर किसी न शांति भंग करने की कोशिश की तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा सभी लोग शांति एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं।