थानाभवन में पैदल गश्त करते डीआइजी व पुलिस टीम
- फोटो : SHAMLI
शामली/थानाभवन। सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने थानाभवन कस्बे में पैदल मार्च किया और अधिकारियों को दिल्ली में आतंकियों के घुसने का इनपुट मिलने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।
शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कस्बा थानाभवन पहुंचे डीआईजी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने एसपी अजय कुमार और थाना पुलिस के साथ कस्बे में पैदल मार्च किया। डीआईजी थाने से चलकर दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर शामली बस स्टैंड, चरथावल बस स्टैंड से होते हुए चरथावल मार्ग पर स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यालय के निर्देश के बाद त्योहारों के मद्देनजर सभी जनपदों में थाना स्तर तक पैदल मार्च कराया जा रहा है। इससे पुलिस सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेगी।
इसके अलावा त्योहारों के दौरान क्षेत्रों के सभी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक स्थलों की चेकिंग की जा रही है। साथ ही त्योहारों को देखते हुए खुफिया विभाग भी सतर्क है। हाल ही में खुफिया विभाग द्वारा दिल्ली में आतंकियों के घुसने का इनपुट मिलने के बाद से जनपद में सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस अधिकारियों को संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। इसके बाद रात मेें डीआईजी शामली पहुंचे। डीआईजी शामली में दिल्ली रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में उद्यमियों द्वारा आयोजित दीपावली परिवार उत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे।