जिले में जल्द मिलेगी डायलेसिस-सीटी स्कैन की सुविधा
शामली। जिला संयुक्त चिकित्सालय में जल्द ही डायलेसिस और सीटी स्कैन की सुविधा मिलने की उम्मीद बन गई है। शासन स्तर पर दोनों प्रस्तावों को स्वीकृति मिल गई हैं। सार्वजनिक निजी साझेदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत ये मशीनें लगाई जाएगी।
गांव मुंडेट में पूर्वी यमुना नहर पटरी पर जिला संयुक्त चिकित्सालय भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जिला अस्पताल चालू न होने के कारण अभी तक मरीज बहुत सी जांच और सुविधाओं से वंचित है। वर्तमान में वहां पर कोविड एल-1 और एल-2 अस्पताल चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. वीर बहादुर ढाका ने बताया कि जिला अस्पताल में डायलेसिस और सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव शासन को पूर्व में भेजे गए थे। शासन से दोनों प्रस्ताव स्वीकृत हो गए हैं। उन्होंने बताया कि डायलेसिस मशीन और सीटी स्कैन की मशीनें पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत लगाई जाएगी। शासन स्तर से संबंधित अधिकृत कंपनी को इन सुविधाओं को उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी जा चुकी है। सीएमओ का कहना है कि जल्द ही जिला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों के लिए दोनों सुविधाएं उपलब्ध हो जाएगी। इसके बाद डायलेसिस व सीटी स्कैन के लिए मरीजों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा और निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने से भी बच सकेंगे। सीएमओ ने बताया कि जिला अस्तपताल में काउंसिलिंग सेंटर भी तैयार किया जा रहा है। इस सेंटर के बनने से सभी तरह की जिला स्तरीय काउंसलिंग यहीं पर की जा सकेगी।