शामली हनुमान धाम पर छठ महापर्व पर पूजन करती महिलाएं
शामली। संतान की सलामती और परिवार की सुख समृद्धि की कामना को लेकर छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य पर पूजा अर्चना की गई। हनुमानधाम पर स्थित शिव सरोवर में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठ मैया की विधि- विधान के साथ पूजा अर्चना की। सोमवार सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाएगा।
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम अर्घ्य देकर पूजा अर्चना की गई। संध्या अर्घ्य के लिए हनुमानधाम पर शिव सरोवर में पानी भरने समेत सभी तैयारियां पहले से की गई थी। शाम को श्रद्धालु टोकरी में फल व सब्जी और पूजन सामग्री आदि लेकर शिव सरोवर पर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने शिव सरोवर के पानी में खड़े होकर अस्त होते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया और उपासना की। इसके बाद विधि-विधान के साथ छठ मैया की पूजा-अर्चना कर संतान की सलामती और परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर अतुल श्रीवास्तव, अनूप कुमार, सौरभ, अंशुल, संजय कुमार, राजकुमार, नितेश श्रीवास्तव, धनंजय यतिवारी आदि ने बताया कि सोमवार सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ 36 घंटे से चल रहे व्रत का पारण होगा। उधर, सुरक्षा व्यवस्था के लिए हनुमानधाम पर पुलिस बल तैनात रहा। महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। एएसपी ओपी सिंह ने भी हनुमानधाम पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
शामली हनुमान धाम पर छठ महापर्व पर पूजन करती महिलाएं