हरियाणा के जनपद पानीपत के थाना सनौली के गांव कुराड़ निवासी किसान देवेंद्र देशवाल की यूपी के मामौर क्षेत्र में 50 बीघा कृषि भूमि है। इसके अलावा देवेंद्र 90 बीघा भूमि ठेके पर बो रहा था। देवेंद्र देशवाल का परिवार हरियाणा में ही रहता है।
कुराड़ गांव के रहने वाले रोहित ने कैराना थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे उसके पिता देवेंद्र देशवाल बाइक द्वारा अपने साथी इस्लाम निवासी मामौर के साथ खेत के पास जा रहे थे। रास्ते में दो सगे भाइयों मामौर के फरमान और सोबान और दो अन्य ने उन्हें रोक लिया तथा मारपीट के साथ ही पिता पर चाकू से वार किए।
आरोप है कि देखते ही देखते तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। पिता को बचाने के दौरान मामौर गांव निवासी इस्लाम भी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार इस्लाम का बेटा शहजाद भी बचाने के लिए आया तो आरोपियों ने उसे भी चाकुओं से हमला कर घायल कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने देवेंद्र को सिर, पैर समेत तीन गोली मार दीं। इस दौरान आरोपी पक्ष का मामौर गांव का रहने वाला सोबान भी घायल हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए।
सूचना पर एसपी रामसेवक गौतम व एएसपी संतोष कुमार तथा सीओ अमरदीप मौर्य मौके पर पहुंचे तथा घायल देवेंद्र, इस्लाम तथा उसके बेटे शहजाद को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाॅक्टरों ने देवेंद्र देशवाल को मृत घोषित कर दिया।
एसपी ने बताया कि आरोपी नदीम और सोबान को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों ने स्वीकार किया है कि अवैध संबंधों के शक में देवेंद्र की हत्या की। उन्हें शक था कि परिवार की महिला के संबंध देवेंद्र से थे। कई बार उसे समझाया भी मगर वह नहीं माना था। एसपी का कहना है कि एक अन्य आरोपी फरमान का नाम भी सामने आया है। वांछित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फरमान, नदीम, सोबान व एक अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामौर से प्रधानी का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था देवेंद्र देशवाल
देवेंद्र देशवाल मामौर ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसने शामली स्थित प्रिंटिंग प्रेस से अपने पोस्टर का डिजाइन बनवा कर उसको फेसबुक पर वायरल करना शुरू कर दिया था। पिछले काफी समय से देवेंद्र ग्रामीणों के मामलों का समाधान भी करा रहा था। ग्रामीणों से जनसंपर्क भी बढ़ाया हुआ था। वह लगातार लोगों से जनसंपर्क कर रहा था।
यह भी देखें...
रईस हत्याकांड: घुमाने के बहाने कार में ले गया साढ़ू, रस्सी से गला घोंटकर मार डाला, वजह हैरान कर देगी