उत्तर प्रदेशीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बने देवेंद्र बिडला
शामली। नगरपालिका परिषद शामली में संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मतदान के बाद घोषित चुनाव परिणाम में देवेंद्र बिडला अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित हुए। सचिव पद पर पहले ही अश्वनी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुके हैं। मतदान के दौरान पालिका में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।
नगरपालिका शामली के सभागार में सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। अध्यक्ष पद के लिए देवेंद्र कुमार और मनोज कुमार ने नामांकन पत्र जमा किया था। चुनाव अधिकारी सफाई एवं खाद्य निरीक्षक आदेश कुमार सैनी ने बताया कि कुल 333 कर्मचारियों में 322 कर्मचारियों ने मतदान में हिस्सा लिया। पांच बजे के बाद हुई मतगणना के बाद देवेंद्र बिडला अध्यक्ष पर निर्वाचित घोषित किए गए। देवेंद्र बिडला को 189 मत मिले और मनोज कुमार को 76 मत प्राप्त हुए जबकि 57 मत निरस्त हुए। इस तरह से चुनाव में देवेंद्र बिडला 113 मत अधिक लेकर अध्यक्ष पद पर विजयी घोषित हुए।
चुनाव अधिकारी ने बताया कि कर्मचारी संघ के सचिव पद पर अश्वनी का एक मात्र नामांकन पत्र होने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। देवेंद्र बिडला के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर समर्थकों में खुशी का माहौल बन गया और उन्होंने मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
शामली नगर पालिका में मतदान के दौरान तैनात पुलिसकर्मी।- फोटो : SHAMLI
शामली नगर पालिका में चुनाव में जीत की खुशी मनाते कर्मचारी।- फोटो : SHAMLI