- मेरठ के निजी अस्पताल में हुई कैराना की महिला के रक्त सैंपल की जांच
- स्वास्थ्य टीम ने मरीज के घर पहुंचकर ली जानकारी
- मोहल्ले के 25 घरों का किया भ्रमण, तीन घरों में पाया गया लार्वा ब्रीडिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिले में डेंगू ने दस्तक दे दी है। कैराना में बुखार से पीड़ित महिला की मेरठ में हुई जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसकी जानकारी मिलने पर जिला मलेरिया विभाग की टीम ने महिला के घर जाकर जानकारी ली। मोहल्ले में करीब 25 घरों में जांच करने पर तीन स्थानों पर डेंगू मच्छर का लार्वा पाया गया। स्वास्थ्य टीम ने मोहल्ले में एंटी लार्वा कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने के साथ ही लोगों को बीमारियों से बचाव की जानकारी देकर जागरूक किया।
कस्बा कैराना के मोहल्ला पट्टोवाला निवासी 41 वर्षीय महिला को एक सप्ताह पहले बुखार आया था। उसका पहले स्थानीय चिकित्सक के यहां उपचार कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर से मेरठ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। मेरठ में महिला के रक्त के सैंपल की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके बाद महिला को वहीं पर भर्ती कर उपचार किया गया। मेरठ अस्पताल से बुधवार शाम को इसकी जानकारी जिला स्वास्थ्य विभाग को मिली। बृहस्पतिवार को जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार, प्रयोगशाला सहायक अवधेश वाड़ेकर, मलेरिया निरीक्षक राकेश पांडेय व अमित कुमार आदि कैराना में मरीज के घर पहुंचे और परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। मोहल्ले में करीब 25 घरों का भ्रमण कर बुखार के मरीजों के बारे में जानकारी की गई और लार्वा ब्रीडिंग की जांच की गई।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार ने बताया कि महिला उपचार के बाद मेरठ से अपने घर आ गई है और वह अब ठीक है। उनके परिवार में अन्य किसी सदस्य को बुखार नहीं है। मोहल्ले में तीन घरों मेंं डेंगू के लार्वा ब्रीडिंग पाया गया, जिसे तत्काल नष्ट किया गया। यह लार्वा फ्रिज की ट्रे और कूलर में भरे पानी में लार्वा ब्रीडिंग होना पाया गया। मोहल्ले में एंटी लार्वा कीटनाशक का छिड़काव करा दिया है और लोगों को डेंगू व अन्य बीमारियों से बचाव व सावधानी की जानकारी दी गई।
डेेंगू के लक्षण:
- ठंड लगने के साथ अचानक तेज बुखार होना।
- सिर मांसपेशियों और जोड़ों मेें दर्द होना।
- आंखों के पिछले भाग में दर्द होना।
- अत्यधिक कमजोरी महसूस देना।
- भूख कम लगना, जी मिचलाना।
- मुंह के स्वाद का खराब होना।
- गले में हल्का दर्द होना।
बचाव:
- मच्छरों को पनपने से रोकना व काटने से बचाव करना।
- घर में व आसपास पानी का जमाव न होने दे।
- पानी की टंकी व बर्तनों को ढककर रखें।
- कूलर व फ्रिज के ट्रे के पानी सप्ताह में दो बार साफ करें।
- खिड़की व दरवाजों पर जाली लगवाएं ताकि मच्छर अंदर न आ सके।
- शरीर को ज्यादा ढकने वाले कपड़े पहने।
- बुखार होने पर चिकित्सक की सलाह से जांच व उपचार कराएं।