वैश्य समाज पर अभद्र टिप्पणी करने वालों की गिरफ्तारी की मांग
शामली। फेसबुक पर एक सप्ताह पहले वैश्य समाज के प्रति अभद्र टिप्पणी करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के पदाधिकारियों ने सीओ सिटी से मिलकर अभद्र टिप्पणी करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
शनिवार को अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता, जिला महामंत्री अमित मित्तल के नेतृत्व में पदाधिकारी और वैश्य समाज के लोग सीओ सिटी जितेंद्र कुमार से उनके कार्यालय में मिले और ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज के प्रति टिप्पणी करने वाले अनिल मलिक और जितेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने आरोप लगाया कि अनिल मलिक द्वारा जिन तथ्यों के आधार पर उनके खिलाफ रिपोर्ट लिखवाने की कोशिश की, वह फोटो एडिटिंग के माध्यम से बनाए गए हैं। इसकी जांच कराई जाए और प्रशासन व अपनी बिरादरी को गुमराह करने के मामले में भी कार्रवाई की जाए। सीओ सिटी जितेंद्र कुमार ने कहा कि इस प्रकरण की जांच चल रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। इससे पूर्व वैश्य समाज की बैठक में अनिल मलिक व जितेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा वैश्य समाज पर अभद्र टिप्पणी करने की निंदा की गई। इस अवसर पर नरेंद्र अग्रवाल, राधेश्याम मित्तल, कृष्ण कुमार गोयल, डा. राजेंद्र गोयल, अमित मित्तल, संदीप मित्तल, पवन सिंघल, रोबिन गर्ग, महेश गोयल, रामनाथ संगल, संजय अग्रवाल, बिट्टू सिंह, प्रद्युमन गर्ग, पंकज गुपता, दीपक गुप्ता आदि मौजूद रहे। विदित हो कि शुक्रवार को जाट संगठनों के प्रतिनिधि और खाप चौधरियों ने सीओ सिटी से मिलकर अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता पर जाट समाज के प्रति अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
फेसबुक की पोस्ट को एडिट करने का आरोप बिल्कुल निराधार है। पुलिस-प्रशासन इसकी निष्पक्षता से जांच करा ले। सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कभी नहीं सुना कि पोस्ट एडिट भी की जा सकती है। जो लोग इस तरह के आरोप लगा रहे है, हो सकता है उन्होंने ही पोस्ट के साथ छेड़छाड़ की हो। उन्हें ही इस तरह की जानकारी होगी। समाज को भ्रमित या गुमराह कर कोई व्यक्ति समाज से जुड़कर नहीं रह सकता। उन्होंने पुलिस को जो भी तथ्य दिए है, वे बिल्कुल सही है।
- अनिल मलिक, राष्ट्रीय महासचिव भाकियू (भानु)।
--
सभी बिरादरी और समाज में भाईचारा और शांति बनी रहे। प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष रूप से कार्रवाई करें। अनिल मलिक ने जो पोस्ट डाली, उसमें राम मंदिर का जिक्र नहीं है, सिर्फ मंदिर का जिक्र है। इसे लेकर पंकज गुप्ता ने जाट समाज पर कमेंट किया। उस पर भी पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।
-चौधरी सूरजमल, बत्तीसा खाप।