कैराना तहसील में एसडीएम को ज्ञापन देने जाते संविदा लाइनमेन
- फोटो : SHAMLI
बहराइच के एसडीओ पर कार्रवाई की मांग
शामली, कैराना। निजीकरण के विरोध में हुए प्रदर्शन में शामिल न होने पर बहराइच में संविदा लाइनमैन के साथ मारपीट के मामले में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर उपखंड अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर संविदा कर्मचारी कैराना तहसील पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में कहा कि पिछले दिनों विद्युत कर्मचारियों द्वारा निजीकरण के विरोध में कार्य बहिष्कार किया गया था। बहराइच के मटेरा में एक संविदा लाइनमैन के कार्य बहिष्कार में शामिल न होने पर विद्युत उप केंद्र पर तैनात उपखंड अधिकारी द्वारा संविदा लाइनमैन के साथ मारपीट की गई व गला दबाकर हत्या का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोपी उपखंड अधिकारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर बर्खास्त करने की मांग की है। ज्ञापन देेने वालों में फिरोज चौहान, राजेंद्र चौहान उर्फ बलवान, जावेद अहमद, नदीम, नरेश कुमार, पवन सैनी, इस्लाम आदि संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।