महिला की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिंभालका में महिला की मौत के मामले में परिजनों ने सीओ कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।
रविवार को सिंभालका में 25 वर्षीय कोमल की मौत हो गई थी। मृतका की मां गीता देवी ने शहर कोतवाली में पति अरुण, जेठ अंकित और जेठानी रमा के विरुद्ध दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर फांसी लगाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सोमवार को मृतका की मां गीता, मनीष चौधरी व नीरज चौधरी आदि परिजन सीओ सिटी कार्यालय पहुंचे। सीओ के नहीं मिलने पर परिजनों ने कार्यालय में मौजूद पुलिसकर्मियों से मिलकर इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की। सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने बताया कि इस घटना की जांच चल रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बीमा अभिकर्ता को सम्मानित किया
शामली। लखनऊ के राजभवन में आयोजित रविवार को आयोजित बीमा योद्धा सम्मान समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने भारतीय जीवन बीमा निगम, उत्तर मध्य क्षेत्र के उत्कृष्ट अभिकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में शाखा शामली के सर्वाधिक बीमा कार्य करने वाले अभिकर्ता योगेंद्र कुमार को राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया। योगेंद्र सिंह के साथ कार्यक्रम में शामली के अभिकर्ता आजाद सिंह और सुनील अरोरा भी मौजूद रहे। अभिकर्ता योगेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में उत्तर मध्य जोन कानपुर के जोनल प्रबंधक एके शर्मा, रीजनल मैनेजर कुलदीप टिक्कू आदि मौजूद रहे।