जिला अस्पताल में सीटी स्कैन जांच के लिए इंतजार करते मरीज। संवाद
शामली। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन के सॉफ्टवेयर में तकनीकी खराबी के कारण मरीजों को जांच का कार्य बाधित रहा। मरीजों को सीटी स्कैन की जांच के लिए इंतजार करना पड़ा। दोपहर दो बजे तक मात्र 16 सीटी स्कैन ही हो सके जबकि एक दिन में 70 के आसपास सीटी स्कैन जांच होती है।
जिला अस्पताल में पीपीपी मॉडल पर चल रही सीटी स्कैन यूनिट में मरीजों की निशुल्क जांच होती है। मशीन में बार-बार तकनीकी खराबी आने से मरीजों को परेशान होना पड़ता है। पिछले सप्ताह भी सीटी स्कैन मशीन दो दिन तक खराब रहने से मरीजों को जांच के लिए भटकना पड़ा था।
अब फिर बुधवार को सीटी स्कैन मशीन के सॉफ्टवेयर में तकनीकी खराबी आने से जांच कार्य प्रभावित रहा। तकनीकी विशेषज्ञों ने सॉफ्टवेयर में आई तकनीकी कमी को दूर किया था लेकिन बृहस्पतिवार को फिर से सॉफ्टवेयर में खराबी आ गई। दोपहर 11 बजे सॉफ्टवेयर की खराबी को दूर किया गया लेकिन इसके बाद भी मशीन ने सही कार्य नहीं किया।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार अखौरी ने बताया मशीन के सॉफ्टवेयर में तकनीकी खराबी के कारण जांच में आधे घंटे का समय लगा है। मशीन ठीक करने तकनीकी विशेषज्ञ की टीम लगी है।