किसानों का कर्जा व बच्चों की स्कूल फीस माफ हो
शामली। व्यापारी सुरक्षा फोरम ने वाणिज्य कर के तहत आने वाले दस व्यापारियों की किसी भी समय जांच कराने के आदेश पर रोक लगाने और भाकियू किसान सेना ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर किसानों का कर्जा व बच्चों की स्कूल फीस माफ करने और गन्ने का बकाया भुगतान में ब्याज सहित किए जाने की मांग की है।
मंगलवार को व्यापारी सुुुरक्षा फोरम के जिलाध्यक्ष संजय संगल, जिला महामंत्री प्रदीप विश्वकर्मा ने कलक्ट्रेट पहुंचकर संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन डीएम जसजीत कौर को सौंपा। व्यापारियों ने कहा कि तीन दिन पूर्व वाणिज्य कर आयुक्त द्वारा जारी किए गए प्रत्येक माह प्रत्येक शहर में वाणिज्य कर के दायरे में आने वाले दस व्यापारियों की जांच किसी भी समय किए जाने के आदेश से व्यापारी और उद्यमी दहशत में है। ज्ञापन में वाणिज्य कर आयुक्त के आदेश को निरस्त किए जाने की मांग की है।
भाकियू किसान सेना के राष्ट्रीय प्रवक्ता विक्रांत चौधरी के नेतृत्व में किसानों ने कलक्ट्रेट में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन डीएम जसजीत कौर को सौंपकर हरियाणा के पीपली में किसानों पर हुए लाठी चार्ज कराने के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, किसानों का कर्ज माफ करने, नलकूपों की पावर दस से बढ़ाकर 12.5 हार्सपावर न किए जाने, वर्ष 2020-2021 की सभी स्कूलों की फीस माफ किए जाने की मांग की है। मांगे पूरी न होने पर भाकियू किसान सेना आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन देने वालों में सेना के जिलाध्यक्ष जगबीर फौजी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सतेंद्र जावला, आशीष चौधरी, अशोक चौधरी, हरेंद्र प्रधान, मुकेश चौधरी, राहुल पंवार आदि मौजूूद रहे।
शामली कलक्ट्रेट में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करने पहुचे व्यपारी सुरक्षा फोर्म के सदस्य- फोटो : SHAMLI