शामली। शहर कोतवाली की एंटी रोमियो स्क्वायड टीम में तैनात सिपाही की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इससे पूरे पुलिस महकमे में शोक छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा उसके परिजनों को सूचना दी। एसपी ने सिपाही के आकस्मिक निधन पर शोक जताते हुए उन्हें सलामी दी।
गाजियाबाद के गांव जलालपुर निवासी हरेंद्र यूपी पुलिस में शामली में एचसीपी के पद पर तैनात थे। 1983 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए हरेंद्र शामली पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वायड टीम में तैनात थे। रविवार सुबह करीब सवा नौ बजे वह ड्यूटी थे, उसी दौरान उनकी तबियत अचानक खराब हो गई।
साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उनको शामली अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन वहां पर डाक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उनके परिजनों को इसकी सूचना दी।
सूचना पर हरेंद्र के परिजन शामली कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने हरेंद्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम होने के बाद शव को उसके परिजन गांव में ले गए। उधर, इससे पूर्व एसपी पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंचे और हरेंद्र को सलामी देकर श्रद्धांजलि दी।