गढीपुख्ता क्षेत्र के गांव राझड में गमजदा मृतक किशोरी के परिजन
- फोटो : SHAMLI
गांव राझड का मामला, तीन दिसंबर को घर से दिशा शौच को गई थी युवती
परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़ीपुख्ता (शामली)। थानाक्षेत्र के गांव राझड़ में छह दिन से लापता युवती का शव बुधवार को गांव के निकट तालाब में पड़ा मिला है। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने युवती की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
गांव राझड़ निवासी ऋषिपाल सैनी की 19 वर्षीय पुत्री सविता तीन दिसंबर को घर से दिशा शौच के लिए गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। पता नहीं चला तो पांच दिसंबर को थाने में सूचना दी। पुलिस ने युवती की गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। बुधवार सुबह कुछ बच्चे गांव में तालाब के निकट खेल रहे थे। उन्होंने तालाब में शव देखा तो ग्रामीणों को जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवा। मौके पर पहुंचे ऋषिपाल ने मृतका की पहचान अपनी बेटी सविता के रूप में की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। परिजनों ने युवती की हत्या की आशंका जताई है। दोपहर में एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव और सीओ भवन अमित सक्सेना ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। गढ़ीपुख्ता थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि मृतका के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण का पता चल सकेगा।
चार बहनों में सबसे छोटी थी सविता
ग्रामीणों के अनुसार ऋषिपाल की चार पुत्रियां व एक पुत्र है। सविता चारों बहनों में सबसे छोटी थी। युवती का शव मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल बना है।
गांव राझड़ में लापता युवती का शव तालाब में मिला है। परिजनों की तरफ से अभी किसी पर संदेह या कारण नहीं बताया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - राजेश कुमार श्रीवास्तव, एएसपी।