कैराना कोतवाली में मृतक युवक के परिजनों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
शामली के कैराना में तीन दिन से लापता स्कार्पियो चालक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उसका शव बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के बूढ़पुर गांव के जंगल में मिला। जबकि कार को गंगोह क्षेत्र के गांव सांगाठेड़ा से बरामद किया गया। चालक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण और हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सोमवार शाम करीब छह बजे गांव बराला निवासी स्कार्पियो चालक इंतजार (28) के फोन पर दिल्ली एयरपोर्ट जाने के लिए कॉल आई थी। इंतजार कार लेकर कांधला नहर पटरी पर चला गया, तभी से उसका कोई सुराग नहीं था। युवक के भाई निसार निवासी बराला ने मंगलवार शाम कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस ने चालक का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया तो पता चला कि इंतजार और कार की बुकिंग करने वालों की लोकेशन रमाला क्षेत्र में जाकर बंद हो गई।
उधर, बुधवार सुबह करीब पांच बजे बूढ़पुर गांव के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज के सामने ओमप्रकाश के ज्वार के खेत में एक शव पड़ा होने की सूचना पर रमाला पुलिस ने कैराना पुलिस को सूचित किया। कैराना पुलिस और चालक के परिजन बूढ़पुर पहुंचे, शव की पहचान इंतजार के रूप में की गई। पुलिस के अनुसार शव दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा था तथा उसके गले में टेप कसी हुई थी। पेट और सीने पर चाकू के गहरे जख्म थे।
घटना की सूचना पर कैराना कोतवाली में भारी भीड़ के चलते कांधला, गढ़ी पुख्ता, झिंझाना पुलिस और सीओ भूषण वर्मा ने कोतवाली में डेरा डाल लिया। बसपा नेता कंवर हसन भी कोतवाली पहुंचे तथा अधिकारियों से हत्या के जल्द खुलासे की मांग की। सीओ भूषण वर्मा ने बताया कि इंतजार के भाई निसार की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध अपहरण कर हत्या किए जाने और शव को छिपाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।