शामली: भारतीय जैन संघटना ने देश की बेटियों के साथ बेटी दिवस को उल्लास और उत्साह के साथ मनाया। ऑनलाइन आयोजित स्मार्ट माइंड कार्यक्रम के तहत देश में नाम कमाने वाली बेटियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के तहत अपनी प्रतिभा के दम पर समाज में नया कीर्तिमान स्थापित करने वाली कर्नाटक सरकार के गृह मंत्रालय में तैनात आईपीएस रूपा मौदगिल, आयकर विभाग में डिप्टी कमिश्नर सारिका जैन, रक्षा मंत्रालय में तैनात डा. तनु जैन एवं मित्तल पटेल से ऑनलाइन संवाद किया गया। भारतीय जैन संघटना के भारतवर्ष से चयनित चार प्रशिक्षिका डॉ रितु जैन शामली, मेघना तमिलनाडु, मालनी बंगलूरू, डॉ विनीता राजस्थान ने देश की 1000 बेटियों के साथ बात की। उन्होंने कामयाबी के शिखर पर पहुंची बेटियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। अध्यक्षता भारतीय जैन संघटना के संस्थापक शांतिलाल मुत्था ने की। विशेष अतिथि भारतीय जैन संघटना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र लूणकर रहे। आयोजन में दिनेश, भारती और सीमा का सहयोग रहा। प्रशिक्षक डा. रितु जैन ने बताया कि भारतीय जैन संघटना का यह कार्यक्रम बेटियों का मनोबल बढ़ाने तथा भविष्य में उन्हें अपने सही मार्ग का चयन और भविष्य में आने वाली चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करने के लिए एक कारगर कदम होगा।