शामली। बारिश का मौसम शुरू होते ही डेंगू का खतरा बढ़ गया है। बारिश का पानी इकट्ठा होने से डेंगू के मच्छर के पनप सकता है। इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। चिकित्सक लोगों को मच्छर के काटने से बचाव करने की सलाह दे रहे हैं।
बारिश का मौसम शुरू होते ही डेंगू होने की आशंका बन जाती है। जुलाई माह से बारिश शुरू हो जाती है। बारिश का पानी छतों पर टूटे फूटे मिट्टी के बर्तनों, पुराने टायरों, गमलों आदि में इकट्ठा हो जाता है। इस वजह से डेंगू के मच्छर को पनपने के लिए यह मौसम अच्छा माना जाता है। इसलिए लोगों को अभी से डेंगू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है। हालांकि अभी तक जिले में डेंगू का कोई केस इस साल में सामने नहीं आया है। पिछले साल डेंगू के 32 केस जिले में सामने आए थे। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अन्य 11 विभागों के साथ मिलकर एक जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण माह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लोगों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिला मलेरिया अधिकारी सुरेंद्र सिंह का कहना है डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है। इसलिए कहीं पर बारिश का पानी इकट्ठा होता है तो उसे निकाल दे। फ्रिज की ट्रे में भरे पानी को भी सप्ताह में कम से कम दो बार खाली कर दे। कूलर आदि में भी पानी बदलते रहे। इसके साथ ही मच्छर से काटने के बचाव के तरीके अपनाने चाहिए। अगर डेंगू का कोई लक्षण नजर आता है तो अस्पताल में उसकी जांच कराकर उपचार कराना चाहिए। उन्हाेंने लोगों से डेंगू से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
-
संजीव शर्मा