झिंझाना। बृहस्पतिवार से पवित्र रमजान माह की शुरुआत हो गई है और आज पहला रोजा रखा जाएगा। रमजान को लेकर जनपद सहित कस्बों और गांवों में तैयारियां तेज हो गई हैं। मुस्लिम अकीदतमंद रोजा, इबादत और अन्य धार्मिक गतिविधियों की तैयारियों में जुटे हुए हैं। बाजारों में भी रमजान की आमद को लेकर खासा उत्साह नजर आने लगा है।
कस्बे के मुख्य बाजार, चौक बाजार, पुराना बाजार व आसपास के क्षेत्रों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ रही है। लोग रोजमर्रा के जरूरी सामान, खजूर, सेवईं, सूखे मेवे और अन्य खाद्य सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों ने ग्राहकों की मांग को देखते हुए विशेष इंतजाम किए हैं और दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया है।
वहीं कस्बे के प्रमुख चौराहों और सड़कों पर फलों की ठेलियां भी सज गई हैं। इन ठेलियों पर सेब, केला, संतरा, अंगूर व पपीता सहित विभिन्न फलों की भरमार नजर आ रही है। रोजेदार इफ्तार के दौरान फलों का अधिक सेवन करते हैं, जिससे फलों की मांग बढ़ गई है।
जमीयत उलेमा ए हिंद के शहर सदर हाफिज अय्यूब ने बताया कि रमजान रहमत और बरकत का महीना है। इस महीने में लोग रोजा रखकर इबादत करते हैं और जरूरतमंदों की मदद करते हैं। मस्जिदों में भी साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि नमाज अदा करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
दुकानदार महबूब, भूरा और मतलूब आदि का कहना है कि रमजान शुरू होने के साथ ही बाजारों में रौनक और बढ़ेगी, जिससे कारोबार में भी तेजी आएगी। कुल मिलाकर शामली जनपद के झिंझाना, कैराना, कांधला, थानाभवन, जलालाबाद, गढ़ीपुख्ता और ऊन सहित विभिन्न कस्बों में रमजान को लेकर धार्मिक और उत्साहपूर्ण माहौल बना हुआ है।