- अगले महीने से मरीजों को निशुल्क सीटी स्कैन की सुविधा शुरू होने की बनी उम्मीद
- चयनित कक्षों में मरम्मत का कार्य इसी महीने में पूरा होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जिला संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों को सीटी स्कैन की निशुल्क सुविधा अगले महीने से शुरू होने की उम्मीद बन गई है। सीटी स्कैन की मशीन पहुंच गई है। सीटी स्कैन यूनिट के लिए भवन की मरम्मत का कार्य इसी महीने में पूरा हो जाएगा। इसके बाद सीटी स्कैन मशीन लगाई जाएगी।
जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली में पीपीपी मॉडल के तहत सीटी स्कैन यूनिट की प्रक्रिया एक साल से अधिक समय से चल रही है। शासन स्तर से सीटी स्कैन यूनिट के लिए जिस कंपनी से अनुबंध हुआ है, उसने 1600 वर्ग फीट जगह की जरूरत बताई थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल में 930 वर्ग फीट का प्रस्ताव दिया था। कंपनी के अधिकारियों ने चयनित जगह का निरीक्षण कर सीटी स्कैन यूनिट के लिए उपलब्ध जगह पर सहमति दी थी। जिला अस्पताल ने चयनित जगह कंपनी के नाम हस्तांतरित कर दी थी।
कंपनी ने पिछले साल नवंबर माह में चयनित जगह पर बने कक्षों में मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया था। मरम्मत का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उधर, सीटी स्कैन यूनिट की मशीन भी केरल से जिला अस्पताल में पहुंच गई है। कंपनी के एजीएम जयकुमार और उत्तर प्रदेश के प्रोजेक्ट हैड निशांत श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल पहुंचकर यूनिट शुरू करने की तैयारियों का जायजा लिया।
प्रोजेक्ट हैड ने बताया कि भवन में मरम्मत का कार्य इसी महीने में पूरा हो जाएगा। एक अप्रैल से सीटी स्कैन की मशीनें लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। सीटी स्कैन यूनिट के लाइसेंस की प्रक्रिया भी चल रही है। उम्मीद है अगले महीने 15 अप्रैल से मरीजों को सीटी स्कैन की सुविधा चालू हो जाएगी।