शामली। सहारनपुर रोड पर अंबा विहार के सामने मेरठ-करनाल हाईवे के बाईपास की जद में क्रॉस जंक्शन बनेगा। किरोड़ी अंडरपास से सहारनपुर रोड तक डिवाइडर निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। फरवरी में सहारनपुर रोड से किरोड़ी अंडरपास की एप्रोच रोड तक बाईपास पर काली परत डालने का कार्य पूरा हो जाएगा।
मेरठ-करनाल हाईवे का बाईपास का टपराना से लेकर बधेव गांव तक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बधेव गांव से लेकर सहारनपुर रोड तक मुंडेट कलां में पूर्वी यमुना नहर का उपरिगामी पुल, गोहरनी और किरोड़ी रोड पर रेलवे उपरिगामी पुल प्रस्तावित है। बधेव गांव में शामली-गढ़ीपुख्ता रोड से लेकर पूर्वी यमुना नहर पुल ओर एप्रोच रोड का निर्माण होना है। मुंडेट कलां गांव के पास नहर पुल और गोहरनी-किरोड़ी रोड पर अंबा विहार तक बाईपास पर मिट्टी, रोड़ी बजरी डालकर भूमि को समतल किया जा रहा है। बाईपास की समतल भूमि के बीच में डिवाइडर निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण एजेंसी के उप प्रबंधक केपी सिंह ने बताया कि फरवरी माह तक मेरठ-करनाल हाईवे के बाईपास पर काली परत डाली जाएगी।