शामली। पेस्टी साइड विक्रेता के मर्डर में आरोपी बदमाश ने अब उसके भाई को धमकी दी। कैराना कोर्ट से पेशी पर लौटते समय बदमाश ने मृतक के भाई को सवा तीन लीख रुपये उसके घर भेजने की धमकी दी। बदमाश को रायबरेली जेल से पेशी पर लाया जा रहा था। धमकी मिलने के बाद से परिजन दहशत में हैं। पीड़ितों ने मामले में एसपी से गुहार लगाई। एसपी ने रायबरेली पुलिस को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा, क्योंकि बदमाश को पेशी पर लाने के दौरान तीन पुुलिसकर्मी भी साथ थे।
झिंझाना क्षेत्र के नया गांव निवासी पेस्टी साइड विक्रेता उपेंद्र की 26 अक्तूबर को घर लौटते समय हत्या की। इस हत्याकांड में गांव लपराना के बदमाश पंकज और उसके साथी सचिन सोहजनी को पुलिस ने आरोपी बनाया था। एसपी ने बताया रंगदारी न देने पर उपेंद्र की हत्या की। बदमाश पंकज को मुजफ्फरनगर से रायबरेली जेल में शिफ्ट कराया। बुधवार को पंकज को रायबरेली जेल से कैराना कोर्ट में पेशी पर लाया गया। यहां से लौटते समय मिल रोड स्थित उपेंद्र के भाई विनय की दुकान पर पंकज पहुंचा और उसे सवा तीन लाख रुपये घर भेजने की धमकी दी।
इस दौरान उसके साथ आए तीन पुलिसकर्मियों ने भी कोई विरोध नहीं किया। धमकी मिलने के बाद से परिजन दहशत में हैं। बृहस्पतिवार को पीड़ित विनय ने एसपी से मिलकर घटना की जानकारी दी। एसपी ने उसे कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।