शामली के झिंझाना क्षेत्र में चाचा द्वारा भतीजी का अपहरण करने का मामला सामने आया है। छात्रा के पिता ने आरोपी चाचा सहित पांच आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना झिंझाना क्षेत्र के गांव पिंडोरा निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी बेटी बीए तृतीय वर्ष में है। 18 नवंबर को रिश्ते में चाचा लगने वाला चार बच्चों का पिता कालेज जाते समय उसकी बेटी को अगवा करके ले गया। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि लापता छात्रा के पिता ने गांव के ही दीपक उर्फ परितू, जगमेर सिंह, ऊषा और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी और छात्रा को बरामद करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। फोन नंबर की सीडीआर निकलवाई गई है, जिसमें उनकी लोकेशन पंजाब में मिली है। जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार कर छात्रा को बरामद किया जाएगा।
उधर, कालेज की प्राचार्या दीपिका गोयल ने बताया कि छात्रा को कालेज से ले जाने आए व्यक्ति को उसने अपना अंकल बताया था। साथ ही दांत में दर्द होने की शिकायत की थी। छात्रा ने कहा था कि दवाई लेने के बाद कॉलेज लौट आऊंगी।