फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुठभेड़ में दो बदमाशों को पैर में गोली लगी

Thu, 19 Jul 2018 12:36 AM IST
शामली/अमर उजाला/ब्यूरो
विज्ञापन
arrest - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
शामली। चोरियां करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। दोनों ओर से गोलियां चलीं, जिसमें गोली लगने पर दो बदमाश घायल हो गए, जबकि एक सिपाही भी घायल हो गया। गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये कीमत के जेवरात बरामद किए हैं। जो शामली जनपद के अलावा बागपत में चोरी करके इकट्ठा किए गए थे।  
विज्ञापन


एसपी दिनेश कुमार ने बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि जनपद के देहात क्षेत्र में कुछ माह से हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करने के लिए स्वाट टीम शामली को विशेष रुप से निर्देशित किया गया। मंगलवार देर रात आदर्श मंडी थाना पुलिस और स्वाट टीम ने कुड़ाना रोड पर सहेंद्र की ट्यूबवेल के पास बदमाशों की घेराबंदी की।

जिस पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। जिसमें बदमाश अनवर उर्फ जोनी पुत्र मोहम्मद ताहिर उर्फ जरीन और तसलीम उर्फ बल्लू पुत्र मोहम्मद ताहिर उर्फ जरीन निवासी मोहल्ला रेतावाला कैराना घायल हो गए। वहीं, बदमाशों की तरफ से हुई फायरिंग में आदर्श मंडी थाने का सिपाही सचिन भी घायल हो गया।
विज्ञापन


मुठभेड़ की सूचना पर अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची और खेत में छिपकर बैठे दो और बदमाशों को पकड़ लिया गया। दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से तीन तमंचे, 12 कारतूस, नौ खोखे और एक छुरा बरामद हुआ। इसके बाद बदमाशों से गहनता से पूछताछ की गई, जिसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर कैराना के मोहल्ला रेतावाला निवासी याकूब के मकान से जेवरात बरामद किए गए, जो करीब 25 लाख रुपये कीमत के हैं। मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को आदर्श मंडी थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर बाद कैराना स्थित एसीजेएम कोर्ट में पेश किया। न्यायालय ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि इस गिरोह का भंडाफोड़ करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।  

एक ही रात में दस मकानों में चोरी की थी : इस गिरोह ने शामली जिले के कैराना और कांधला क्षेत्र में एक के बाद एक कई गांवों में चोरियां कीं। कैराना क्षेत्र के गांवों में तो एक ही रात में 10 से ज्यादा मकानों में चोरी की थीं। इससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।

आरोपियों पर 15-15 मुकदमे  
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ शामली जनपद के आदर्श मंडी, कैराना और कांधला थाने पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। अधिकांश मामले चोरी के हैं। इसके अलावा बागपत जनपद के भी कुछ मामले इनके खिलाफ बताए गए हैं। वहां का आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है।

गिरफ्तार बदमाश
इरफान उर्फ जैनुद्दीन पुत्र अनवर बेग, फिरोज उर्फ दहिया पुत्र उमर मोहम्मद, अनवर उर्फ जोनी पुत्र मोहम्मद ताहिर उर्फ जरीन, तसलीम उर्फ बल्लू पुत्र मोहम्मद ताहिर उर्फ जरीन को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, रियाजुद्दीन उर्फ तांगा पुत्र नन्हे मियां और इसरान पुत्र हुकमा निवासी मोहल्ला रेतावाला कैराना मौके से फरार हो गए।

बरामद सामान
नौ घड़ी, चांदी के पांच सिक्के, श्रीलंका के दो रुपये, 41 पाजेब, 22 ब्रेसलेट, सात जोडे़ हथफूल, तीन जूड़ा चेन, एक जूड़ा क्लिप, 13 हार, 14 चेन, 80 बिछुए, 31 अंगूठी, 29 लाकेट, पांच जोडे़ कुंडल, पांच जोड़ी झुमकी, तीन छल्ले, सोने की छह अंगूठी, तीन मंगलसूत्र, दो जोड़ी बाली, दो छोटे लाकेट, तीन कुंडल सिंगल और एक बाजूबंद सहित अन्य सामान भी बरामद हुआ।
विज्ञापन



 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें