शामली के थाना आदर्श मंडी क्षेत्र के गांव सिक्का में रेलवे फाटक के पास एक 24 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक युवक की हत्या की गई है। शिनाख्त मिटाने के लिए शव को जलाने की भी कोशिश की गई है। पुलिस ने शिनाख्त नहीं होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शनिवार की सुबह गांव सिक्का में रेलवे फाटक के पास एक खेत में युवक का शव पड़ा होने की सूचना आदर्श मंडी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। एसएसआई अवनीश अष्टवाल ने बताया कि युवक नीले रंग की जींस और पीले रंग की टी-शर्ट पहने था। इसके ऊपर ट्रैक सूट पहन रखा था। युवक की हत्या की गई है। साथ ही शिनाख्त मिटाने के लिए शव को जलाने की भी कोशिश की गई है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में शिनाख्त कराने का भी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसआई अवनीश अष्टवाल का कहना कि मामले की जांच की जा रही है।
ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत
शामली/बाबरी। थानाक्षेत्र के गांव बाबरी में शनिवार को थानाभवन मिल शुगर मिल में एक चालक ट्रैक्टर-ट्राली में गन्ना लादकर ला रहा था। बाबरी-कैंडी मार्ग पर बाबरी निवासी शफीक के खेत के सामने पहुंचा। उसी दौरान सड़क पार कर रहा एक व्यक्ति ट्राली की चपेट में आ गया। ट्राली का पिछला पहिया उसके आधे शरीर के ऊपर से उतर गया। इसमें उसकी मौत हो गई। सूचना पर बाबरी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया और उसकी शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। पुलिस ने शव को पीएम केे लिए भेज दिया है।