शामली नगर में दस लोगों से ऑनलाइन व्यापार के नाम पर नोएडा की कंपनी ने लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित व्यक्ति की ओर से आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ठगी के इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल रोड कोतवाली के सामने निवासी चितरंजन चौधरी ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि शामली देवेंद्र, अमन वर्मा, महेश माहेश्वरी, अरविंद, अनुज, शशिकांत ने उसको ऑनलाइन व्यापार करने के नाम पर फंसा लिया। आरोप है कि इन्होंने चितरंज को एक ऑनलाइन एड पर क्लिक करके पैसा कमाने के झांसे में ले लिया। आरोपियों ने विभिन्न पैकेज बताए और रजिस्ट्रेशन के नाम पर उससे 69 हजार रुपये प्रति व्यक्ति मांगे। चितरंजन समेत दस लोगों कंपनी संचालकों को 6.90 लाख रुपये दे दिए। काम शुरू होने के बाद पंद्रह दिन का पेमेंट आ गया, लेकिन उसके बाद भी आज तक कोई पेमेंट नहीं आया। आरोप है कि आरोपियों ने टीडीएस भी जमा नहीं कराया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है।
वृद्ध ने की बेटों पर कार्रवाई की मांग
शामली। सिंभालका निवासी सतपाल ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसके दो पुत्र राजेंद्र और नरेंद्र हैं। आरोप है कि दोनों पुत्र उसको रोटी नहीं देते हैं। बेटों ने उसके रुपये हड़प लिए हैं। वृद्ध की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।