बिजली घर के मुख्य गेट पर लगा ताला
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अघोषित बिजली कटौती से गुस्साए ग्रामीणों ने गुरुवार की दोपहर जसपुरापुर सरैया विद्युत फीडर पर जमकर हंगामा किया। नारेबाजी के साथ विद्युत सब स्टेशन में घुसकर एसडीओ व जेई की कुर्सियां तोड़ डाली। सब स्टेशन के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। सूचना पर तिर्वा कोतवाली से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बाद में जेई ने ग्रामीणों को निर्धारित बिजली देने का वायदा कर प्रदर्शन खत्म कराया।
सोमवार को सुबह 10:30 पर जसपुरापुर सरैया के ग्रामीण, अधिवक्ता जयशंकर शुक्ला, कमलेश, विमलेंद्र सिंह के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए विद्युत सब स्टेशन पर पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप था कि प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति देने के ऐलान कर रखा है। इसके बावजूद भी क्षेत्र में महज आठ से दस घंटे बिजली आ रही है। इसमें भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। जिस वजह से उनके नलकूप नहीं चल पा रहे है। रबी व जायद की फसलें सिंचाई के अभाव में सूख रही है। ग्रामीणों की भीड़ जब विद्युत सब स्टेशन के भीतर घुसी तो वहां एसडीओ व जेई मौजूद नहीं थे। कुछ लाइनमैन अपनी ड्यूटी पर थे। इस पर भीड़ ने फर्नीचर तोड़ना शुरू कर दिया। मुख्य गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन करने लगे।
सूचना पर तिर्वा कोतवाली से भारी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर प्रदर्शन खत्म कराने का प्रयास किया। इसके बावजूद भी ग्रामीण नहीं माने। मौके पर एसडीओ, जेई अथवा अधिशासी अभियंता को बुलाने की मांग कर रहे थे। सूचना पर जेई प्रमोद चंद्र परासर मौके पर पहुंचे। बताया कि फाइव एमबी का ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण विद्युत आपूर्ति की समस्या आ गई है। शुक्रवार तक दस एमबीए का ट्रांसफार्मर आ जाएगा। ट्रांसफार्मर लग जाने के बाद विद्युत आपूर्ति का शेड्यूल सही हो जाएगा। दोपहर करीब 1.30 पर ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन खत्म किया।