शामली। दुल्लाखेड़ी में की गई अनूप की हत्या के मामले में गढ़ीपुख्ता पुलिस ने दो हत्यारोपियों को रिमांड पर ले लिया। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर उनकी निशानदेही पर आला-ए-कत्ल बरामद कर लिया।
गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्र के गांव दुल्लाखेड़ी में घेर में सोते हुए अनूप की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने गांव निवासी जसवीर, जूली, अतवीर और योगेश उर्फ वीर सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था और आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास शुरू कर दिया था। बाद में इस मामले में दो आरोपी अतवीर और योगेश कोर्ट में समर्पण कर जेल चले गए थे। जबकि दो आरोपी जसवीर और जूली आज तक गढ़ीपुख्ता पुलिस की पकड़ से बाहर है। शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले में जेल में बंद आरोपी अतवीर और वीर सिंह को रिमांड पर ले लिया।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दो तमंचे 314 व 12 बोर, दो जिंदा कारतूस व एक खोखा बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार इन्हीं से ही अनूप की हत्या की गई थी। पुलिस के अनुसार अतवीर ने बताया कि उसका लड़का आमी में है और उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज है, जिसमें चार्जशीट जा चुकी है। अनूप से फैसले की बात की जा रही थी, लेकिन वह नहीं बाज आ रहा था। जिस कारण उसकी हत्या की गई थी। थाना प्रभारी शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि फरार हत्यारोपी के खिलाफ भी अदालत से गैर जमानती वारंट जारी हो चुके हैं।