कैराना। धर्मस्थल में तालाब के पास असामाजिक तत्वों का जमावाड़ा लगा रहता है। कुछ युवक परिसर में बैठ कर शराब पीते हैं और वहां आने जाने वालों पर फब्तियां कसते हैं। जिससे लोगों में काफी नाराजगी है। कस्बे के जिम्मेदार लोगों ने वहां पुलिस गश्त बढ़ाए जाने की मांग की है।
धर्मस्थल के तालाब परिसर में एक मुख्य गेट है, लेकिन साथ ही तालाब परिसर के पीछे से एक कच्चा रास्ता पुराने बाईपास पर जाता है। उक्त रास्ते से असामाजिक तत्व तालाब परिसर पर आते जाते रहते हैं। असामाजिक तत्व तालाब के इधर उधर बैठ कर नशा करते हैं। सोमवार को वहां कई युवक नशे में बैठे थे।
तालाब के पिछले हिस्से में एक खुले कमरे में नशे के इंजेक्शन की शीशी व खाली माचिस आदि पडे़ हुए थे। जिसको देखने से साफ पता चलता है कि यहा रोज नशे का इस्तेमाल किया जाता है।
नशे में युवक वहां आने वाली महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करते हैं। कस्बे के विनोद, राकेश, विशाल, प्रमोद, राजेंद्र, हिमांशु आदि का कहना है कि तालाब परिसर में समय समय पर पुलिस गश्त होती रहनी चाहिए। पुलिस उपाधीक्षक भूषण वर्मा का कहना है कि वो तालाब परिसर में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।