शामली। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने मेरठ करनाल हाईवे पर पूर्वी यमुना नहर पुल के पास से चेकिंग के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह पेट्रोल पंप तथा किसी व्यापारी से लूट करने की फिराक में थे। गिरफ्तार एक बदमाश पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
मंगलवार रात आदर्श मंडी थाना पुलिस को 100 डायल ने बदमाशों के बारे में सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर सुंदर पुत्र अजबा, सोनू पुत्र शिवकुमार, नवाब पुत्र जिले सिंह निवासी ग्राम बलवा तथा कपिल पुत्र रामपाल निवासी जसाला को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, रजत पुत्र करणपाल निवासी जसाला मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष साहब सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोनू के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैैं।
कांधला थाने से एक मामले में वह फरार चल रहा था, जिसके चलते उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित हुआ। वहीं, आरोपी नवाब पुत्र जिले बलवा गांव के प्राइमरी पाठशाला में सहायक अध्यापक है। इनके कब्जे से दो तमंचे और दो चाकू बरामद हुए। इसके अलावा आदर्श मंडी तथा शामली कोतवाली क्षेत्र में हुई लूटपाट के मामले में 5200 रुपये भी बरामद किए गए हैं। गौरतलब है कि नवाब दिव्यांग भी है और बैसाखी के सहारे चलता है। उधर, बुधवार दोपहर बाद पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया।