कैराना। कोतवाली पुलिस और शराब तस्करों से गठजोड़ की पोल सोमवार को खुल गई। शराब तस्करों के खिलाफ मारपीट की कोतवाली में दी गई तहरीर आरोपियों के पास पहुंच गई। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को दोबारा पीट दिया। वही, इस मामले की शिकायत कोतवाली प्रभारी को की गई तो कोतवाली प्रभारी ने जांच बैठा दी।
सोमवार सुबह मोहल्ला आलकला लालकुआं निवासी राहुल को मोहल्ले में ही शराब बेचने वाले 4-5 युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। इसके बाद राहुल की विधवा मां बिमला ने कोतवाली में नामजद तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर पीड़ित को उसके घर भेज दिया था।
बाद में शाम के समय पीड़ित राहुल व उसकी मां बिमला दिन में पुलिस को दी गई तहरीर लेकर कोतवाली पहुंची। कोतवाली में राहुल व उसकी मां ने बताया कि उक्त तहरीर पुलिस के पास से आरोपियों के पास पहुंच गई तथा आरोपियों ने उनके द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर को दिखाते हुए कहा कि पुलिस हमारा क्या बिगाड़ लेगी तथा दोबारा राहुल के साथ मारपीट की।
उधर, इस मामले में कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा तथा पुलिस से तहरीर आरोपी पक्ष के पास जाने की गहनता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
वहीं एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने कहा कि आरोपियों पर कार्रवाई कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा। इसके अलावा तहरीर आरोपियों के पास कैसे पहुंची इसकी जांच कराई जाएगी।