शामली। बाबरी थाना क्षेत्र के गांव कैड़ी में ट्रैक्टर पलटने से किशोर और एक युवक दबकर घायल हो गए। अस्पताल पहुंचाने पर किशोर ने दम तोड़ दिया, जबकि युवक को सहारनपुर रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
विद्युत निगम की ओर से बाबरी क्षेत्र के गांव कैड़ी में बिजली लाइन खिंचवाई जा रही है। यहां काफी मजदूर कार्य कर रहे हैं। वहीं, बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव जौला निवासी दिल्लू (13) पुत्र अली हसन और सरधना (मेरठ) के गांव नानू निवासी परवेज (22) पुत्र अब्दुल्ला भी मजदूरी करते हैं। सोमवार सुबह करीब दस बजे वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में बिजली लाइन का सामान लादकर कैड़ी गांव जा रहे थे।
रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। परवेज और दिल्लू ट्रैक्टर के नीचे दब गए। उनके साथी अन्य मजदूरों ने शोर मचाया तो मौके आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। ट्रैक्टर के नीचे दबे दोनों मजदूरों को निकालने के बाद सहारनपुर रोड पर गांव सिक्का के पास अमृत गंगा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने दिल्लू को मृत घोषित कर दिया। परवेज को गंभीर हालत के चलते भर्ती कर लिया गया।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना पर जौला गांव से दिल्लू के चाचा जाबिर, अन्य परिजन और नानू गांव से परवेज के परिजन भी हॉस्पिटल पहुंच गए। दिल्लू की मौत पर परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।