थानाभवन की पीड़ित बच्ची को लेकर पहुंचे परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में घर के बाहर गली में खेल रही बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले छात्र ने दुष्कर्म किया और फरार हो गया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ थानाभवन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपी कक्षा-9 का छात्र है।
थानाभवन कस्बा निवासी छह वर्षीय लड़की सोमवार दोपहर ढाई बजे घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला छात्र (15 वर्षीय) वहां आया और बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने मकान में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बच्ची रोते हुए अपने घर पहुंची, तो परिवार के लोग उसकी हालत देखकर दंग रह गए। वे बच्ची को साथ लेकर थानाभवन थाने में पहुंचे और पुलिस को घटना के बारे में बताया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली और बच्ची को सीएचसी भेजा गया। वहां से गंभीर हालत के चलते उसको शामली रेफर कर दिया गया। जहां से बच्ची को गंभीर हालत के चलते सहारनपुर जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। देर शाम तक पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी रही। उधर, थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि बच्ची के पिता ने आरोपी छात्र के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसको गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
नशे का इंजेक्शन देकर किशोरी से गैंगरेप
शामली। घर में सो रही किशोरी को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि किशोरी को नशे का इंजेक्शन लगाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित किशोरी के पिता की तरफ से आरोपियों के खिलाफ शामली कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शामली कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात 14 वर्षीय लड़की अपने घर में सो रही थी। आरोप है कि रात करीब दो बजे गांव के ही दो युवक घर में घुस गए और मुंह दबाकर उसको अगवा करके मकान से बाहर ले गए। एक सुनसान स्थान पर ले जाकर किशोरी को नशे का इंजेक्शन लगाया और गैंगरेप किया। इसके बाद किशोरी को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। उधर, किशोरी के परिजनों को जागने पर घर में जब किशोरी नहीं मिली, तो वह चिंता में पड़ गए। इसके बाद वह तलाशते हुए घर के बाहर कुछ दूरी पर पहुंचे, तो वहां सुनसान स्थान पर किशोरी बेहोश हालत में पड़ी मिली। रात में ही किशोरी को साथ लेकर उसके परिजन शामली कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेजा और आरोपी सूरज तथा भोलू निवासी लिलौन के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। उधर, कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी रफी परवेज ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।