कांधला। ट्रैक्टर-ट्राली में खाद लेकर गांव जा रहे किसान भाइयों को बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने एक किसान को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई की ओर से बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जनपद बागपत छपरौली के गांव बोढ़ा निवासी कुलदीप 20 वर्ष अपने दिव्यांग भाई बिल्लू के साथ मंगलवार शाम को ट्रैक्टर ट्राली लेकर हरियाणा से खाद व डीजल लेने के लिए गए था। परिजनों के अनुसार दोनों भाई रात करीब 10 बजे जब डून्डूखेडा इस्सोपुर मार्ग पर पहुंचे तो पीछे से आ रही बाइक सवार तीन बदमाशों ने खुद को पुलिस बताते हुए रोक लिया।
डीजल को अवैध बताते हुए थाने चलने की बात कही। किसान कुलदीप ने उनसे कहा कि वे अपने खेत के लिए इस समान को ले जा रहे है ओर उसके भाई बिल्लू ने फोन से घर पर सूचना दी हम लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया है। तभी इनमें सेे एक बदमाश ने उनके पास मौजूद रुपये छीनना शुरू कर दिया।
कुलदीप द्वारा विरोध किए जाने पर एक बदमाश ने उसको गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बदमाश उनके पास से 11 हजार रुपये लूट
कर फरार हो गए। वारदात को अंजाम को देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। कुछ देर के बाद कुलदीप का बड़ा भाई हवा सिंह भी घटना स्थल पर पहुंच गया ओेर उसने सूचना कंट्रोल रूम को दी।
सूचना पर थाना प्रभारी साहब सिंह व एएसपी अनिल कुमार झा मौके पर पहुंचे और बदमाशों की तलाश की। पुलिस ने शव का पंचनामा भर शव को पीएम के लिए भेज दिया। मामले में थाना प्रभारी साहब सिंह का कहना है कि मृतक के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र हीं बदमाश को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।