शामली । शहर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली रोड पर टायर मार्केट में एक दुकानदार से कुछ युवकों ने मारपीट कर नकदी लूट ली। घटना को लेकर हंगामा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत किया। पीड़ित दुकानदार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दिल्ली रोड टायर मार्केट में गुलशनगर निवासी अमजद की दुकान है। शुक्रवार रात करीब साढे़ आठ बजे अमजद दुकान पर बैठा था। इसी दौरान कैराना रोड निवासी एक युवक अपने कुछ साथियों सहित वहां पहुंचा।
आरोप है कि युवकों ने आते ही गाली गलौज की और विरोध करने पर अमजद तथा उसके भाई के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके पांच हजार रुपये भी लूट लिए।
इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने हंगामा किया। इसी दौरान शामली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। फिर अमजद ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।