शामली। शामली कोतवाली और कांधला थाना पुलिस ने मुठभेड़ में बाइक लूट करने वाले अलग-अलग गिरोह के सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है जबकि एक बदमाश फरार हो गया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे लूट गई पांच बाइक, तमंचे और चाकू बरामद किए। एसपी अजय कुमार ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि शनिवार की रात में कोतवाली की लांक पुलिस चौकी पर दरोगा सुशील कुमार पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे।
इसी दौरान दो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेरकर तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से दो तमंचे, एक चाकू, तीन मोबाइल और 1650 रुपये बरामद हुए। पकड़े गए बदमाशों के नाम अंकित उर्फ गुड्डू निवासी गांव कुड़ाना, अमित उर्फ सन्नी और गोविंद निवासी गांव आदमपुर थाना बाबरी है। पूछताछ में पता चला कि उनका चार बदमाशों का गिरोह है।
एक साथी अजय निवासी गांव आदमपुर अभी फरार है। इनके पास से बरामद बाइक 19 फरवरी को शामली निवासी बैंक कर्मी सन्नी से हाईवे पर गांव काबड़ौत पुल के निकट लूटी गई थी जबकि दूसरी बाइक कांधला क्षेत्र से लूटी गई थी।
इसके अलावा कांधला थाने के प्रभारी निरीक्षक डीके त्यागी ने स्वाट टीम के साथ शनिवार की रात को चेकिंग के दौरान हुरमजपुर रोड पर बाग के पास मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन बाइक, दो तमंचे, एक चाकू और कारतूस बरामद हुए। बरामद बाइक 20 फरवरी को इनाम निवासी भभीसा और अनिल निवासी लिसाढ़ से लूटी गई थी।
एक बाइक कटी हुई है, जिसे बागपत के थाना रमाला क्षेत्र में बिराल के पास से लूटी गई थी। पकड़े गए बदमाशों के नाम सनोज उर्फ गोदू, संजीव निवासीगण आदमपुर थाना बाबरी, विजय उर्फ मोनू गांव हुरमजपुर और विक्की मिस्त्री निवासी गांव भाज्जू थाना बाबरी है। विक्की मिस्त्री का काम करता है, जो बाइकों को काटकर बेचने का काम करता है। सनोज और विक्की पहले भी लूट के मामले में जेल जा चुके है।
संजीव और विजय आपस में रिश्तेदार है। यह गिरोह शामली, बागपत और आसपास के जिलों में वाहन लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं। एसपी ने बताया कि गिरोह के चारों बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।