शामली। गढ़ी पुख्ता के पटाखा व्यापारी से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने रंगदारी मांगने के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। आरोपियों ने जिस मोबाइल से कॉल कर रंगदारी मांगी थी, उसे भी बरामद कर लिया। दोनों आरोपी जीजा साले हैं।
गढ़ी पुख्ता के पटाखा व्यापारी शब्बीर के मोबाइल पर तीन दिन पूर्व कॉल आई । इसमें 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी । साथ ही रंगदारी नहीं देने और पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। व्यापारी ने अपने परिजनों को इस बारे में बताया, तो परिजनों में दहशत फैल गई। इसके बाद व्यापारी ने गढ़ी पुख्ता थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज मामले में छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस ने व्यापारी के मोबाइल पर आए नंबर की कॉल डिटेल निकलवाई और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने इस मामले में लोनी के अशोक विहार निवासी सराफत और गढ़ीपुख्ता के आदिल पुत्र दिलशाद को हिरासत में ले लिया। गढ़ी पुख्ता के थानाध्यक्ष अमर दीप लाल ने बताया हिरासत में लिए आरोपी सराफत और आदिल से बरामद मोबाइल की कॉल डिटेल से रंगदारी मांगने की पुष्टि हुई है। दोनों ने पूछताछ के दौरान रंगदारी मांगने की बात भी कबूली है। एसओ ने बताया पकड़े आरोपी जीजा साले हैं।