थानाभवन। एल्पाइन इंटरनेशनल स्कूल के अध्यापक ने सातवीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। जानकारी मिलने पर छात्रा के परिजन स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
परिजनों ने प्रधानाचार्य पर शिक्षक को भगाने का आरोप लगाते हुए धक्कामुक्की की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रधानाचार्य को हिरासत में लेकर थाने बैठा लिया। बच्ची की मां ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एल्पाइन इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की कक्षा सात की एक छात्रा की मां ने थाने में तहरीर दी कि उसकी बेटी बृहस्पतिवार को लंच के समय ग्राउंड में थी। तभी आरोपी शिक्षक हरविंदर सिंह ने उसकी पुत्री को पुस्तक देने के बहाने लैब रूम में ले गया। जहां आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की। इस पर छात्रा ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर अन्य शिक्षक और छात्र लैब रूम की ओर दौड़ पड़े। इसी दौरान आरोपी शिक्षक मौके से फरार हो गया। छात्रा ने घर जाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। शुक्रवार की सुबह स्कूल पहुंचे परिजनों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। आरोप है कि शिक्षक को स्कूल प्रशासन ने वहां से भगा दिया गया।
इसे लेकर परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने स्कूल प्रधानाचार्य के साथ धक्कामुक्की की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया जबकि प्रधानाचार्य को हिरासत में लेकर थाने ले आई। जहां छात्रा की मां ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
थाना प्रभारी एमएस गिल ने बताया तहरीर पर आरोपी शिक्षक हरविंदर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। स्कूल को भी नोटिस जारी किया जाएगा।
पूर्व में भी हटाया गया था शिक्षक
थानाभवन। परिजनों ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ पहले भी इस प्रकार की कई बार शिकायतें आई थी। इनके आधार पर उसे हटा दिया गया था। दो दिन पूर्व ही आरोपी शिक्षक को दोबारा स्कूल में रखा गया है। उधर, प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने बताया घटना की सूचना बृहस्पतिवार को जब मिली तभी जलालाबाद चौकी पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ तहरीर दे दी गई थी।