बारात में बखेड़ा, दूल्हों में मारपीट।
- फोटो : डेमो पिक
झिंझाना। कस्बे के मोहल्ले में एक ही घर में आई दो बारात के दूल्हों में सलामी के वक्त किसी बात पर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। काफी हंगामा होने पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस की मौजूदगी में ही विदाई की रस्म पूरी करवाई गई।
कस्बे में कुरैशी बिरादरी में रविवार को एक परिवार में दो लड़कियों का एक साथ निकाह था। युवकों की बारात शाहपुर और गढ़ी गांव से आई हुई थी। सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन दुल्हनों की विदाई से पहले जब दूल्हे की सलामी का समय आया तो एक दूल्हे को सलामी पर ज्यादा पैसे देने को लेकर कहासुनी हो गई। बात यहां तक पहुंची कि दोनों दूल्हों में मारपीट तक हो गई। इसे लेकर शादी समारोह में हंगामा शुरू हो गया।
मामला बढ़ा तो पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने दोनों दूल्हों और उनके परिजनों को समझाकर शांत कराया। बाद में पुलिस की निगरानी में ही दोनों बारातों की विदाई कराई।
थाना प्रभारी अवनीश गौतम ने बताया कि सलामी की रस्म के समय विवाद हो गया था। दोनों दूल्हाें और बारातियों में समझौता करा दिया गया।