शामली/झिंझाना। जिले में बुधवार रात बदमाशों ने जमकर लूटपाट की। झिंझाना क्षेत्र में बाइक सवारों से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर धारदार हथियारों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं, बाबरी क्षेत्र में भाजू मार्ग पर बाइक, नकदी लूट ली।
पहली वारदात बुधवार रात करीब नौ बजे झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव गोगवान निवासी इलियास, तासिम और झिंझाना मस्जिद के मौलाना अब्दुल के साथ हुई। तीनों लोग बाइक से झिंझाना से गोगवान जा रहे थे। कैराना रोड पर गांव जमालपुर के पास आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
तीनों से नौ हजार रुपये और दो मोबाइल फोन लूट लिए। विरोध करने पर तीनों को धारदार हथियारों से घायल कर दिया। शोर शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे जमालपुर गांव के लोगों ने झिंझाना थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
इलियास की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात 10 बदमाशों के खिलाफ डकैती की धारा में मुकदमा पंजीकृत किया है। थाना प्रभारी आरएन सिंह ने बताया कि बदमाशों को तलाश कराने के लिए टीम लगाई गई है।
बाइक और नकदी लूटी
गांव भनेड़ा जट निवासी राशन डीलर ओमवीर सिंह बुधवार शाम शामली से अपने गांव लौट रहे थे। जब वह भाजू-कांजरहेड़ी के बीच पहुंचे तो तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। तमंचे से आतंकित कर ओमबीर सिंह से बाइक, मोबाइल फोन, पांच हजार रुपये और रिवाल्वर का लाइसेंस लूट लिया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ित ने बाबरी थाने में लूट की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।