झिंझाना में कस्बा झिंझाना के परचून व्यापारी के यहां हुई डकैती के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को रिमांड पर लेकर को एक लाख रुपये नकदी, तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। रिमांड का समय पूरा होने पर आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
तीन महीने पूर्व कस्बे के सरावज्ञान निवासी परचून व्यापारी अनिल कुमार जैन उर्फ बल्लू के परिवार को बंधक बनाकर बदमाश 10 लाख रुपये की नकदी और लाखों के जेवर लेकर फरार हो गए थे। घटना के एक माह बाद सरसावा (सहारनपुर) पुलिस ने कार लूट के आरोपियों को पकड़कर खुलासा किया कि इसी गैंग ने झिंझाना में डकैती डाली थी। पूछताछ में उन्होंने झिंझाना के व्यापारी के यहां डैकेती डालना स्वीकार किया था।
थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि न्यायालय से अनुमति मिलने पर आरोपी वाजिद उर्फ भूरा निवासी आल कलां कैराना, राशिद उर्फ नागिन बाढ़ी माजरा गंगोह और कैराना के गांव तीतरवाडा निवासी जुल्फान को कस्टडी रिमांड पर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी वाजिद उर्फ भूरा की निशानदेही पर 30 हजार रुपये, राशिद उर्फ नागिन से 40 हजार रुपये, जुल्फान से 30 हजार रुपये बरामद किए गए। तीनों आरोपियों से एक-एक तमंचा तथा कारतूस बरामद हुए हैं। एसओ ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाला गैंग का सरगना हैदर सहित चार बदमाश अभी फरार चल रहे हैं। व्यापारी के यहां से लूटी गई बाकी रकम और जेवरात बदमाशों के पास हैं।