शामली। रेलवे के सेक्शन इंजीनियर समेत छह लोगों पर कोर्ट के आदेश पर जानलेवा हमला करने का मुकदमा जीआरपी थाने में दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
शुभम पुत्र योगेंद्र निवासी शिव विहार कॉलोनी रेलपार ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि पांच सितंबर को दिल्ली-सहारनपुर रेलवे ट्रैक पर हींड के पास वह अपने साथियों पियूष, गौरव के साथ काम कर रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान रुल्हा, प्रदीप, संजय शर्मा सेक्शन इंजीनियर, इरशाद तथा दो अज्ञात सहित छह लोग आए और उन्होंने आते ही गाली-गलौज करते हुए उन पर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामले की शिकायत जीआरपी पुलिस को की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। जिस पर पीड़ित ने कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी सेक्शन इंजीनियर संजय शर्मा, रुल्हा, प्रदीप, इरशाद समेत छह आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।